IPL 2025: श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, तीन IPL टीमों को फाइनल में पहुंचाने वाले पहले कप्तान बने। पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर IPL 2025 के फाइनल में RCB से भिड़ंत तय की।
IPL 2025 के क्वालिफायर 2 मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 87 रन की जबरदस्त पारी खेली और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाया। इस प्रदर्शन के साथ अय्यर ने एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है। वे इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल तक पहुंचाया है। इससे पहले उन्होंने साल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स और 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को फाइनल में पहुंचाया था। अब 2025 में वह पंजाब किंग्स को भी खिताबी दौड़ में ले आए हैं।
इस सीजन में श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 16 मैचों में 603 रन बनाए हैं, जिनमें 6 अर्धशतक शामिल हैं और उनका औसत 54.82 का रहा है। रविवार को खेले गए क्वालिफायर-2 मैच की शुरुआत बारिश की वजह से देरी से हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 203 रन बनाए। टीम की ओर से तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने क्रमश: 44-44 रन बनाए, जबकि जॉनी बेयरस्टो ने 38 रन और नमन धीर ने 37 रन जोड़े। पंजाब की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने सर्वाधिक दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही और टीम ने 19 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। इस जीत के हीरो बने कप्तान श्रेयस अय्यर, जिन्होंने केवल 41 गेंदों पर 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से नाबाद 87 रन ठोके। उन्होंने नेहल वढेरा के साथ चौथे विकेट के लिए 84 रन की अहम साझेदारी भी की। मुंबई की ओर से गेंदबाज अश्विनी कुमार ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में असफल रहे।
अब पंजाब किंग्स का सामना IPL 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से होगा। यह खिताबी मुकाबला 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों को इस हाई-वोल्टेज फाइनल का बेसब्री से इंतज़ार है। श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला एक और बड़ा अवसर होगा खुद को एक सफल कप्तान के तौर पर स्थापित करने का।
For more news: Sports


