मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में LPG, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य में इन सभी ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारु रूप से जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के चलते ईंधन और गैस की कमी की जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं।
अधिकारियों और तेल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस विषय पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रदेश में गैस और ईंधन की उपलब्धता की समीक्षा की।
बैठक में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति लगातार जारी है।
also read : हरियाणा में टीबी उन्मूलन के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल, 18 हजार से अधिक हाई-रिस्क मरीजों की पहचान
आवश्यक सेवाओं को दी जा रही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि कामर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर दी जा रही है। साथ ही तेल कंपनियां शेष आपूर्ति को भी सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं भी चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलती है तो तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
जनता से अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक घबराहट में गैस या ईंधन का अतिरिक्त भंडारण न करें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और हर घर तक घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

