मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के युवा खेल के साथ शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में सफल सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में कही।
उन्होंने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाती है और इसमें सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं ने अपने सपनों, मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को साकार किया है।
हरियाणा के एकांश ने हासिल किया तीसरा स्थान
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से खुशी जताते हुए कहा कि इस वर्ष घोषित परिणामों में हरियाणा के प्रतिभाशाली युवा एकांश ने अखिल भारतीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने एकांश को विशेष बधाई देते हुए इसे पूरे हरियाणा के लिए गर्व का क्षण बताया।
मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
नायब सिंह सैनी ने कहा कि इन युवाओं ने कड़ी मेहनत, धैर्य और समर्पण के बल पर इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल अभ्यर्थियों के लिए बल्कि उनके माता-पिता, परिवार, शिक्षकों और समाज के लिए भी गर्व की बात है।
also read : चंडीगढ़ में 7–11 मार्च तक ‘इंडिया इंटरनेशनल डिस्प्यूट्स वीक 2026’, न्यायिक विशेषज्ञों और जजों का होगा वैश्विक सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवा आज केवल खेल के मैदान में ही नहीं बल्कि शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
विधानसभा में दो विधेयक भी हुए पेश
इस दौरान हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में दो महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश किए गए। इनमें
-
हरियाणा ट्रैवल एजेंटों का पंजीकरण और विनियमन (संशोधन) विधेयक
-
हरियाणा विस्तार प्राध्यापक तथा अतिथि प्राध्यापक (सेवा की सुनिश्चितता) संशोधन विधेयक
शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इन विधेयकों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में नियमों को मजबूत करने और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

