अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में रावी दरिया के क्षतिग्रस्त बांधों का विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने निरीक्षण किया और जल्द मरम्मत व मजबूती के निर्देश दिए।
पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र में रावी दरिया के किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित बांधों का निरीक्षण विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बांधों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द मरम्मत और मजबूती का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
टूटे बांधों की स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान विधायक धालीवाल ने बताया कि रमदास और आसपास के सीमावर्ती गांवों में पिछले वर्ष आई भीषण बाढ़ के कारण करीब 23 बांध क्षतिग्रस्त या पूरी तरह टूट गए थे। इससे क्षेत्र के किसानों की फसलों और कई मकानों को भारी नुकसान हुआ था।
उन्होंने कहा कि रावी दरिया में तेज बहाव के कारण कई बांध कमजोर हो गए थे, जिसके चलते भविष्य में बाढ़ के खतरे को देखते हुए इन बांधों को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
also read : मोहाली में Progressive Punjab Investors’ Summit 2026 का उद्घाटन, ₹1.58 लाख करोड़ निवेश और 5.5 लाख रोजगार के अवसर
सरकार की मंजूरी के बाद शुरू होगा कार्य
विधायक धालीवाल ने बताया कि निरीक्षण के बाद संबंधित विभाग की टीम टूटे और कमजोर बांधों का तकनीकी आकलन तैयार करेगी। इसके आधार पर विस्तृत प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार से मंजूरी मिलते ही तीन से चार महीनों के भीतर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आने वाले मानसून से पहले क्षेत्र सुरक्षित बनाया जा सके।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बांधों की मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही के कारण बांध टूटते हैं और लोगों को नुकसान होता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार सीमावर्ती गांवों की सुरक्षा और बाढ़ से बचाव के लिए पूरी तरह गंभीर है और आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

