Happening Haryana 2.0 के तहत मुंबई में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निवेश अभियान शुरू किया। 23-25 अगस्त के समिट में ₹66,000 करोड़ से अधिक के MoU की उम्मीद।
हरियाणा सरकार ने ‘Happening Haryana 2.0’ के तहत अपने अंतरराष्ट्रीय निवेश अभियान और ग्लोबल कैपिटल कैंपेन की शुरुआत देश की वित्तीय राजधानी मुंबई से की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान हरियाणा से जुड़े प्रवासी परिवारों और संभावित निवेशकों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य केवल निवेश जुटाना नहीं है, बल्कि प्रदेश के विकास में लोगों के विचार, अनुभव और भागीदारी को भी शामिल करना है। उन्होंने हरियाणा से जुड़े लोगों से प्रदेश में निवेश के साथ-साथ नई योजनाओं और विकास के लिए अपने सुझाव देने का आह्वान किया।
निवेश के साथ विचार और भागीदारी पर जोर
मुंबई में हरियाणा डायस्पोरा से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार निवेशकों के पास केवल पूंजी की मांग लेकर नहीं पहुंच रही है। सरकार चाहती है कि हरियाणा के विकास में निवेशकों और प्रवासी समुदाय की विशेषज्ञता, विचार और सहभागिता भी जुड़े।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को सामने रखते हुए प्रदेश में कारोबार के अनुकूल माहौल बनाने पर जोर दिया।
also read: हरियाणा रोडवेज का बड़ा फैसला, ई-बसों में छात्र बस पास लागू; 25 हजार….
तीन दिवसीय निवेशक सम्मेलन में होंगे बड़े समझौते
‘Happening Haryana 2.0’ के तहत 23 से 25 अगस्त तक तीन दिवसीय निवेशक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को लेकर कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
सरकार के मुताबिक, इस निवेशक सम्मेलन के दौरान ₹66,000 करोड़ से अधिक के MoUs साइन किए जाने की संभावना है। इन संभावित निवेश समझौतों से प्रदेश में उद्योग, कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हरियाणा को निवेश का पसंदीदा केंद्र बनाने की तैयारी
मुंबई में आयोजित कार्यक्रम को हरियाणा में बड़े निवेश को आकर्षित करने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। सरकार का फोकस घरेलू और वैश्विक निवेशकों तक प्रदेश की कारोबारी क्षमता और उपलब्ध अवसरों को पहुंचाने पर है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निवेशकों और हरियाणा से जुड़े परिवारों के साथ संवाद के दौरान प्रदेश में उपलब्ध सुविधाओं और विकास की संभावनाओं को साझा किया।
ग्लोबल कैपिटल कैंपेन से निवेश जुटाने की कोशिश
‘Happening Haryana 2.0’ के तहत चलाया जा रहा ग्लोबल कैपिटल कैंपेन हरियाणा को देश और दुनिया के निवेश मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में सरकार की पहल है।
सरकार की उम्मीद है कि इस अभियान से हरियाणा में नई औद्योगिक परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अतिरिक्त अवसर तैयार होंगे। मुख्यमंत्री ने निवेश के साथ लोगों की भागीदारी और नए विचारों को प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।

