टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। अभिनेत्री ने घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए, पुलिस ने जांच शुरू की।
टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री अदिति शर्मा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न समेत घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं।
पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदिति शर्मा ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
अदिति की शिकायत में कथित तौर पर यह भी कहा गया है कि उनकी सास ने उनके शादी के गहने अपने पास रख लिए थे और मांगने के बावजूद वापस नहीं किए।
also read: रश्मिका मंदाना शूटिंग के दौरान घायल, डॉक्टरों ने दी 6 हफ्ते आराम की सलाह
2021 में हुई थी पहली मुलाकात
पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, अदिति शर्मा की मुलाकात अपने पति अभिनीत से जून 2021 में हुई थी। उस समय वह ऑनलाइन एक्टिंग कोर्स कर रही थीं। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती रिश्ते में बदल गई।
बताया जा रहा है कि सितंबर 2024 में दोनों गोरेगांव वेस्ट स्थित एक किराए के फ्लैट में रहने लगे थे। इसके बाद 12 नवंबर 2024 को परिवारों की सहमति से दोनों की शादी हुई।
View this post on Instagram
शादी के बाद बदले व्यवहार का लगाया आरोप
अदिति शर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद उनके पति का व्यवहार बदलने लगा। उन्होंने दावा किया कि कपड़ों और छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगे। अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाया कि घर के खर्चों को लेकर भी समस्याएं सामने आईं।
शिकायत के अनुसार, जनवरी 2025 में कॉफी को लेकर हुए विवाद के बाद मामला और गंभीर हो गया। अदिति ने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके पति उन पर शक करने लगे और उनके चरित्र को लेकर सवाल उठाने लगे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
अभिनेत्री की शिकायत के बाद गोरेगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अदिति शर्मा टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हैं और वह ‘रब से है दुआ’ और ‘कलीरें’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।

