Commonwealth Games 2026 के पांचवें दिन भारत ने 6 मेडल जीते। शर्मिला धनखड़ ने गोल्ड, जबकि ज्ञानेश्वरी यादव और अजय बाबू ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
Commonwealth Games 2026: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में जारी 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के पांचवें दिन भारत ने कुल 6 मेडल अपने नाम किए। इस दिन सबसे बड़ी उपलब्धि पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने हासिल की, जिन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
भारत ने पांचवें दिन एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते। इस शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की कुल पदकों की संख्या 10 हो गई है।
शर्मिला धनखड़ ने जीता गोल्ड मेडल
पांचवें दिन भारत को पैरा एथलेटिक्स में बड़ी सफलता मिली। शर्मिला धनखड़ ने महिलाओं की F37 शॉट पुट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
शर्मिला ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 9.81 मीटर का थ्रो किया और प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। यह ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीता था।
वल्लुरी अजय बाबू गोल्ड से चूके, मिला सिल्वर
वेटलिफ्टिंग में भारत के युवा खिलाड़ी वल्लुरी अजय बाबू ने 79 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। अजय बाबू ने स्नैच में 149 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम वजन उठाया। उनका कुल स्कोर 330 किलोग्राम रहा।
हालांकि, मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने अपने आखिरी प्रयास में 184 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 331 किलोग्राम का स्कोर बनाया और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
also read: Vaibhav Suryavanshi Record: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे…
ज्ञानेश्वरी यादव ने भी जीता सिल्वर
महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग कैटेगरी में ज्ञानेश्वरी यादव ने भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम का स्कोर बनाया और दूसरा स्थान हासिल किया।
सर्वेश कुशारे ने हाई जंप में जीता रजत
भारत के एथलीट सर्वेश अनिल कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा वेटलिफ्टिंग में बिंदियारानी देवी ने 58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता, जबकि पैरा एथलेटिक्स में शिल्पा शीला ने F57 शॉट पुट स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
पांचवें दिन भारत के मेडल विजेता
गोल्ड मेडल: शर्मिला धनखड़ – महिलाओं की F37 शॉट पुट
सिल्वर मेडल: ज्ञानेश्वरी यादव – महिलाओं की 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग
सिल्वर मेडल: वल्लुरी अजय बाबू – पुरुषों की 79 किग्रा वेटलिफ्टिंग
सिल्वर मेडल: सर्वेश अनिल कुशारे – पुरुष हाई जंप
ब्रॉन्ज मेडल: बिंदियारानी देवी – महिलाओं की 58 किग्रा वेटलिफ्टिंग
ब्रॉन्ज मेडल: शिल्पा शीला – महिलाओं की F57 शॉट पुट
मेडल टैली में भारत की स्थिति
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत अब तक 2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। कुल 10 पदकों के साथ भारत मेडल टैली में आठवें स्थान पर बना हुआ है। मेडल टैली में ऑस्ट्रेलिया सबसे ऊपर है, जिसने अब तक 26 गोल्ड मेडल सहित कुल 59 पदक अपने नाम किए हैं।

