शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले की प्रभारी मंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने मंगलवार को भदेसर उपखण्ड की सुखवाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया।
प्रभारी मंत्री ने शिविरों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर में 45 आवासीय पट्टों का वितरण किया, वहीं सुखवाड़ा ग्रामीण सेवा शिविर में 12 ग्रामीणों को आवासीय पट्टे प्रदान किए। इस दौरान एक किसान को तारबंदी योजना का लाभ मिलने का प्रमाण पत्र भी सौंपा गया तथा एक बुजुर्ग लाभार्थी को रोडवेज यात्रा सुविधा का लाभ प्रदान किया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनके क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य प्रभावी रूप से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता से सुनते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने शिविरों में सेवाएं प्रदान कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की और आमजन से भी अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ लेने का आह्वान किया।

