FIFA World Cup 2026 में ब्राजील, मैक्सिको, स्विट्जरलैंड और मोरक्को ने राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई। कई टीमों की जीत और हार से तय हुआ नॉकआउट समीकरण।
FIFA World Cup 2026 में ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के बाद नॉकआउट दौर की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। ब्राजील, मैक्सिको, स्विट्जरलैंड और मोरक्को ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए राउंड ऑफ 32 में जगह पक्की कर ली है।
ब्राजील की शानदार जीत, विनीसियस जूनियर का जलवा
ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया। इस मैच में विनीसियस जूनियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे, जबकि मैथियस ने एक गोल किया।
ब्राजील की इस जीत ने टीम को ग्रुप में शीर्ष स्थान पर बनाए रखा है और अब उसका सामना अगले चरण में ग्रुप एफ की रनर-अप टीम से होगा।
मैक्सिको का दबदबा, 3-0 से दर्ज की जीत
मैक्सिको ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेक रिपब्लिक को 3-0 से हराया। टीम की ओर से मातेओ चावेज, जुलियन क्विनोनेस और अल्वारो फिदालगो ने एक-एक गोल किया। इस जीत के साथ मैक्सिको अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया और नॉकआउट स्टेज में जगह सुनिश्चित की।
also read: ICC T20I रैंकिंग में भारत का दबदबा, टॉप-7 में चार भारतीय बल्लेबाज…
स्विट्जरलैंड ने कनाडा को हराया
स्विट्जरलैंड ने ग्रुप बी के मुकाबले में कनाडा को 2-1 से मात दी। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने बढ़त बनाकर जीत हासिल की।
स्विट्जरलैंड ने ग्रुप में 7 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया और राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया। हार के बावजूद कनाडा भी नॉकआउट में पहुंचने में सफल रही।
मोरक्को की धमाकेदार जीत
मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई। मोरक्को ग्रुप सी में 7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। हैती ने मैच की शुरुआत में गोल कर बढ़त बनाई, लेकिन मोरक्को ने दमदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
बोस्निया-हर्जेगोविना भी पहुंची नॉकआउट में
बोस्निया-हर्जेगोविना ने कतर को 3-1 से हराकर राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई। हालांकि उनकी योग्यता अन्य ग्रुप के परिणामों पर भी निर्भर थी, लेकिन ब्राजील और मोरक्को की जीत के बाद उनकी जगह पक्की हो गई।
साउथ अफ्रीका की जीत से बदला ग्रुप A का समीकरण
साउथ अफ्रीका ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। थापेलो मासेको ने निर्णायक गोल दागा। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि साउथ कोरिया तीसरे स्थान पर खिसक गई।

