मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय और लागत में पूरी हों।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित लागत और तय समय सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना उचित कारण के परियोजनाओं की लागत में बढ़ोतरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में विभाग के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा ले रहे थे। इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी भी उपस्थित रहीं।
संवर्धन नहर पुनर्निर्माण कार्य की समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हमीदा हेड से पिचोलिया हेड तक संवर्धन नहर के पुनर्निर्माण कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
वेस्टर्न यमुना कैनाल रेलवे ब्रिज पर गुणवत्ता का ध्यान
मुख्यमंत्री ने वेस्टर्न यमुना कैनाल पर बन रहे रेलवे ब्रिज के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
also read : हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: अब हर महीने 10 तारीख को खातों में आएगी पेंशन और सब्सिडी
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक परियोजना निर्धारित बजट और तय समय सीमा में पूरी होनी चाहिए। यदि किसी परियोजना की लागत ठेकेदार की गलती से बढ़ती है तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही से परियोजना की लागत बढ़ती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता के पैसे की बर्बादी नहीं होगी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के पैसे की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, इंजीनियर-इन-चीफ डॉ. सतबीर कादियान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

