भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्य स्मृति में पंचकूला में ‘अटल स्मृति रक्तदान शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पुनीत अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि अमित शाह की सहभागिता से रक्तदान जैसे महापुण्य कार्य के प्रति लोगों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा। यह शिविर न केवल मानव सेवा का संदेश देगा, बल्कि राष्ट्र सेवा की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।
रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। आयोजकों ने आमजन और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में भाग लें और रक्तदान कर पुण्य के भागी बनें।
यह आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी जी के मानवतावादी विचारों और राष्ट्रहित के प्रति उनके समर्पण को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है, जो समाज को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाता है।


