चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से आज ‘हर-घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के संकल्प के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ रेल यात्री संपर्क अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूक करना और देश की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में जनभागीदारी बढ़ाना है।
अभियान के दौरान यात्रियों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने तथा देश के उत्पादन तंत्र को सशक्त बनाने के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल न केवल स्वदेशी वस्तुओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाएगी बल्कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूत करेगी।
चंडीगढ़ से शुरू हुआ यह संपर्क अभियान अन्य रेलवे स्टेशनों तक भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी अपनाने की मुहिम से जुड़ सकें।


