चंडीगढ़: जल संसाधन मंत्री श्रुति ने ऊपरी यमुना पुनरीक्षण समिति से संबंधित अंतर्राज्यीय जल परियोजनाओं की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके कार्यों में तेजी लाने की जरूरत पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का समय पर पूरा होना न केवल जल प्रबंधन के लिहाज़ से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे कई राज्यों को सतत जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
मंत्री ने विशेष रूप से किशाऊ परियोजना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस संबंध में उन्होंने सभी संबंधित राज्यों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक जल्द से जल्द बुलाने का आग्रह किया, ताकि अटके हुए मुद्दों का समाधान कर परियोजना की प्रगति को गति दी जा सके।
श्रुति ने कहा कि जल संसाधनों के कुशल प्रबंधन के लिए राज्यों के बीच समन्वय और सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संयुक्त प्रयासों से इन परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जल उपलब्धता और सिंचाई क्षमता को मजबूती मिलेगी।

