जैकलीन फर्नांडीज ने शेयर किए अपने हेल्थ टिप्स—योग, मेडिटेशन और माइंडफुलनेस से कैसे रहती हैं मानसिक रूप से शांत और शारीरिक रूप से फिट।
बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज ने हाल ही में भोपाल में आयोजित एक इवेंट में मानसिक स्वास्थ्य और सेल्फ-केयर के महत्व पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि चाहे दिन में 5 मिनट मिलें या 30 मिनट, हर किसी को अपने लिए समय जरूर निकालना चाहिए।
माइंडफुलनेस और मेडिटेशन से पाएं मानसिक शांति
जैकलीन का कहना है कि आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में तनाव आम हो चुका है, ऐसे में माइंडफुलनेस और ध्यान (Meditation) बेहद जरूरी हो गया है। ये न सिर्फ दिमाग को शांत रखता है बल्कि शरीर को भी फिट और हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है। उन्होंने बताया, “मैं अपने शरीर और आत्मा के बीच गहरा जुड़ाव महसूस करती हूं। मैं एक स्पिरिचुअल इंसान हूं और मेरे लिए मेंटल हेल्थ बेहद अहम है।”
डिप्रेशन से निकलने में योग और ध्यान ने दी मदद
जैकलीन ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि वह डिप्रेशन से भी गुजर चुकी हैं, और इस दौर से निकलने में योग और ध्यान ने उनकी काफी मदद की। उन्होंने कहा कि मेडिटेशन और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने से न केवल मानसिक शांति मिलती है, बल्कि यह शरीर की ऊर्जा को भी बढ़ाता है।
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं हेल्थ टिप्स
जैकलीन फर्नांडीज अक्सर अपने सोशल मीडिया पर फिटनेस और वेलनेस टिप्स शेयर करती रहती हैं। एक पोस्ट में उन्होंने प्राणायाम करते हुए तस्वीर शेयर की थी और लिखा था कि “प्राणायाम हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। इसे अपनी डेली रूटीन का हिस्सा बनाएं।”
जैकलीन फर्नांडीज वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो जैकलीन हाल ही में रिलीज हुई मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ में नजर आईं। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर समेत कई दिग्गज कलाकार नजर आए। यह फिल्म 6 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउस Nadiadwala Grandson Entertainment के तहत बनाया गया है।


