ऋचा चड्ढा और अली फज़ल बने ‘सीक्रेट ऑफ माउंटेन सर्पेंट’ के निर्माता, फिल्म का प्रीमियर होगा वेनिस फिल्म फेस्टिवल 2025 में। जानिए फिल्म की कहानी और कास्ट।
बॉलीवुड के पावर कपल ऋचा चड्ढा और अली फज़ल अब सिर्फ एक्टर्स ही नहीं, बल्कि निर्माता के रूप में भी एक नई पहचान बना चुके हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस ‘Pushing Buttons Studios’ के बैनर तले बनी नई फिल्म “सीक्रेट ऑफ माउंटेन सर्पेंट” (Secret of Mountain Serpent) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चाओं में है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर वेनिस फिल्म फेस्टिवल 2025 में होगा।
1990 के दशक की पहाड़ी कस्बे पर आधारित कहानी
इस फिल्म की कहानी 90 के दशक के एक शांत और पहाड़ी टाउन में बसती है, जहां अधिकतर पुरुष सीमाओं पर तैनात रहते हैं। फिल्म में एक स्कूल टीचर की कहानी को दिखाया गया है जो अकेलेपन के बीच एक पड़ोसी की ओर आकर्षित हो जाती है। फिल्म का प्लॉट प्रेम, इच्छाओं और सामाजिक परिस्थितियों की जटिलताओं को दर्शाता है।
निधि सक्सेना का निर्देशन
निधि सक्सेना द्वारा निर्देशित इस फिल्म से पहले वह ‘Sad Letters of an Imaginary Woman’ बना चुकी हैं, जिसका प्रीमियर Busan International Film Festival 2024 में हुआ था। उनके निर्देशन को एक काव्यात्मक और संवेदनशील शैली के लिए सराहा जाता है।
ऋचा और अली का बयान
वैरायटी को दिए इंटरव्यू में ऋचा चड्ढा और अली फज़ल ने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा, “निधि सक्सेना ने अपनी अनोखी और संवेदनशील कहानी कहने की शैली से हमें प्रभावित किया है। ‘सीक्रेट ऑफ माउंटेन सर्पेंट’ मिथक और यथार्थ का ऐसा मिश्रण है जो आज के दौर में भी बेहद प्रासंगिक लगता है। हम ऐसे स्टोरीटेलर्स का समर्थन करते हैं जो रचनात्मक जोखिम लेने से नहीं डरते।”
पुशिंग बटन स्टूडियोज की पिछली सफलता
इससे पहले ऋचा और अली ने अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत फिल्म ‘Girls Will Be Girls’ का निर्माण किया था। इस फिल्म को Sundance Film Festival में दो पुरस्कार मिले थे। फिल्म का निर्देशन शुचि तलाती ने किया था और इसमें प्रीति पाणिग्रही व कनी कुश्रुति मुख्य भूमिका में थीं।


