वॉर 2 में वाणी कपूर की जगह कियारा आडवाणी को लिया गया है। वाणी ने फिल्म से बाहर होने पर दी प्रतिक्रिया, जानिए उन्होंने क्या कहा।
यशराज फिल्म्स की बहुचर्चित एक्शन फिल्म ‘वॉर 2’ में इस बार एक नई हीरोइन की एंट्री हुई है। 2019 में आई सुपरहिट फिल्म वॉर में नजर आईं वाणी कपूर को इस बार रिप्लेस कर दिया गया है, और उनकी जगह कियारा आडवाणी नजर आएंगी। इस बदलाव को लेकर वाणी कपूर का रिएक्शन अब सामने आया है, जो उन्होंने अपने ओटीटी डेब्यू ‘मंडाला मर्डर्स’ के प्रमोशन के दौरान दिया।
वॉर 2 से आउट होने पर क्या बोलीं वाणी कपूर?
वाणी कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा, “नहीं, मुझे बिल्कुल बुरा नहीं लगा। मैं टीम को शुभकामनाएं देती हूं। मैं आभारी हूं कि मुझे वॉर जैसी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला। यह एक खूबसूरत, सिनेमाई और लार्जर दैन लाइफ फिल्म थी।”
वाणी ने मजाकिया अंदाज़ में आगे कहा, “मैं, टाइगर और सिद्धार्थ आनंद — तीनों इस बार फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। टाइगर और मेरा किरदार पहले पार्ट में मर चुका था। इसलिए अगर टाइगर वापस आता है, तो मैं भी आ जाऊंगी!”
वॉर 2 की कास्ट और रिलीज़ डेट
War 2 को अयान मुखर्जी डायरेक्ट कर रहे हैं और फिल्म में ऋतिक रोशन एक बार फिर मेजर कबीर के रोल में नजर आएंगे। इस बार फिल्म में साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, कियारा आडवाणी फिल्म में लीड फिमेल रोल में दिखाई देंगी। यह बिग बजट एक्शन फिल्म 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।


