Ind vs Eng Women ODI: जानिए कौन हैं क्रांति गौड़, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट लेकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। हरमनप्रीत के शतक और गौड़ की गेंदबाजी ने सीरीज में भारत को दिलाई बढ़त।
Ind vs Eng Women ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को उसकी ही सरज़मीं पर तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में 13 रन से हराकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली है। इस जीत में जहां कप्तान हरमनप्रीत कौर के शानदार शतक ने टीम को मजबूती दी, वहीं तेज गेंदबाज़ क्रांति गौड़ की धारदार गेंदबाज़ी ने अंग्रेज़ बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी।
मैच में क्रांति गौड़ का धमाकेदार प्रदर्शन
क्रांति गौड़ ने 9.5 ओवर में 52 रन देकर 6 विकेट चटकाए और एक मेडन ओवर भी फेंका। उनकी स्पीड, सटीक लाइन लेंथ और गेंद पर नियंत्रण के चलते इंग्लैंड की पूरी टीम बैकफुट पर आ गई। इस प्रदर्शन ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया है।
कौन हैं भारत की नई बॉलिंग सेंसेशन क्रांति गौड़?
जन्म और शुरुआती करियर: क्रांति गौड़ का जन्म 11 अगस्त 2003 को मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में हुआ। उन्होंने टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरुआत की और जल्द ही घरेलू क्रिकेट में अपनी जगह बना ली।
घरेलू और WPL करियर: मध्यप्रदेश अंडर-23 टीम की खिलाड़ी रहीं क्रांति को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए महिला प्रीमियर लीग (WPL) में UP वॉरियर्स ने 10 लाख रुपये में खरीदा था।
अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड: अब तक क्रांति ने 4 वनडे मैचों में 9 विकेट और 1 T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला है। इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट लेना उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
भारत की ऐतिहासिक जीत: डबल धमाका इंग्लैंड में
इस जीत के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है, क्योंकि यह पहला मौका है जब भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में T20 और ODI दोनों सीरीज अपने नाम की है। हरमनप्रीत के शतक और क्रांति की घातक गेंदबाजी ने भारत को डबल जीत का तोहफा दिया।


