IPL 2026 में जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट को आउट कर इतिहास रच दिया, सॉल्ट बने मैच की पहली गेंद पर 3 बार आउट होने वाले पहले खिलाड़ी।
आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में क्रिकेट फैंस को शुरुआत से ही ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने इतिहास के पन्नों में एक नया रिकॉर्ड जोड़ दिया। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच की पहली ही गेंद पर ऐसा हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया।
RCB की पारी की शुरुआत करने आए फिल सॉल्ट के लिए यह मुकाबला किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने मैच की पहली ही गेंद पर खतरनाक बाउंसर डालकर सॉल्ट को पूरी तरह चौंका दिया। गेंद इतनी तेज और उछाल भरी थी कि सॉल्ट उसे सही से खेल ही नहीं पाए और बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर गेंद सीधे विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के दस्तानों में समा गई।
इस विकेट के साथ ही फिल सॉल्ट के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी बल्लेबाज अपने नाम नहीं करना चाहेगा। वह आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें मैच की पहली गेंद पर तीन बार आउट किया गया है। इससे पहले कई बल्लेबाज पारी की पहली गेंद पर आउट हुए हैं, लेकिन मैच की पहली ही गेंद पर बार-बार आउट होना बेहद दुर्लभ और शर्मनाक माना जाता है।
also read : IPL 2026: प्लेइंग इलेवन से बाहर थे, फिर इम्पैक्ट प्लेयर बनकर वेंकटेश अय्यर ने किया धमाकेदार डेब्यू, RCB को दिलाई मजबूती
आईपीएल के आंकड़ों पर नजर डालें तो पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार आउट होने का रिकॉर्ड पार्थिव पटेल के नाम है, जो चार बार ऐसा झेल चुके हैं। वहीं ड्वेन स्मिथ, पृथ्वी शॉ, केएल राहुल और अब फिल सॉल्ट तीन-तीन बार इस स्थिति का सामना कर चुके हैं। लेकिन मैच की पहली गेंद पर तीन बार आउट होने का अनोखा और नकारात्मक रिकॉर्ड केवल सॉल्ट के नाम दर्ज हो गया है।
दूसरी ओर, जोफ्रा आर्चर के लिए यह पल बेहद खास रहा। उन्होंने आईपीएल में तीसरी बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा किया और खुद को एक खास सूची में शामिल कर लिया। इस लिस्ट में पहले से मोहम्मद शमी, प्रवीण कुमार, उमेश यादव, ट्रेंट बोल्ट, लसिथ मलिंगा, भुवनेश्वर कुमार, अशोक डिंडा और पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाज शामिल हैं।
आर्चर की इस घातक शुरुआत ने RCB की पूरी रणनीति को झटका दे दिया। ओपनिंग विकेट गिरते ही टीम दबाव में आ गई और बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया। इसके बाद आर्चर ने अपने दूसरे ओवर में देवदत्त पडिक्कल को भी पवेलियन भेजकर RCB को और मुश्किल में डाल दिया।
इस मैच की शुरुआत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टी20 क्रिकेट में हर गेंद कितना अहम होता है। एक ही गेंद मैच का रुख बदल सकती है और खिलाड़ी के करियर में रिकॉर्ड बना या बिगाड़ सकती है। फिल सॉल्ट के लिए यह दिन भले ही निराशाजनक रहा हो, लेकिन क्रिकेट इतिहास में उनका नाम अब एक अनोखे रिकॉर्ड के साथ दर्ज हो गया है।

