Avengers: Doomsday का ट्रेलर रिलीज, रॉबर्ट डाउनी जूनियर विलेन के रूप में वापसी करते नजर आए, फिल्म 18 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी।
मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है, जहां बहुप्रतीक्षित फिल्म Avengers: Doomsday का धमाकेदार ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा दी है। खास बात यह है कि इस बार फिल्म में सबसे बड़ा ट्विस्ट Robert Downey Jr. की वापसी को लेकर है, जो इस बार आयरन मैन नहीं बल्कि खतरनाक विलेन ‘डॉक्टर डूम’ के रूप में नजर आने वाले हैं।
करीब 1 मिनट 38 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी वॉइसओवर से होती है, जिसमें आने वाले खतरे की चेतावनी दी जाती है। इसके बाद एक चमकदार रोशनी के बीच सिल्वर मास्क पहने डॉक्टर डूम का किरदार सामने आता है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि डॉक्टर डूम इस बार दुनिया को बचाने नहीं, बल्कि पूरे मल्टीवर्स पर राज करने के इरादे से आया है। यह बदलाव MCU की कहानी में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है।
ट्रेलर में कई जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलते हैं, जहां अलग-अलग सुपरहीरोज के बीच रोमांचक मुकाबले दिखाए गए हैं। Wolverine और गैम्बिट के बीच फाइट हो या फिर Thor और डॉक्टर डूम के बीच टकराव—हर सीन दर्शकों को सीट से बांधकर रखने वाला है। इसके अलावा फिल्म में मल्टीवर्स और ‘बैटलवर्ल्ड’ कॉन्सेप्ट को भी बड़े स्तर पर दिखाया गया है, जो इसे MCU की अब तक की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनाता है।
also read : विराट कोहली फिर सोशल मीडिया पर ट्रेंड: जर्मन व्लॉगर की फोटो लाइक करने पर मचा बवाल
इस फिल्म में Chris Evans की वापसी को लेकर भी चर्चा है, जो एक बार फिर स्टीव रोजर्स (कैप्टन अमेरिका) के किरदार में नजर आ सकते हैं। साथ ही Pedro Pascal, वैनेसा किर्बी और ‘फैंटास्टिक फोर’ के अन्य किरदार भी फिल्म में अहम भूमिका निभाते दिखेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का बजट करीब 8500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे हॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल करता है। बताया जा रहा है कि फिल्म की स्टारकास्ट और डायरेक्शन टीम ने ही करीब 2100 करोड़ रुपये की फीस ली है। ऐसे में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने की क्षमता रखती है।
मार्वल की यह मेगा-बजट फिल्म 18 दिसंबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म MCU के ‘मल्टीवर्स सागा’ को एक नए और रोमांचक मुकाम तक पहुंचाएगी। ट्रेलर देखने के बाद साफ है कि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ न सिर्फ एक फिल्म बल्कि एक ग्रैंड सिनेमैटिक इवेंट बनने जा रही है, जिसका इंतजार दुनियाभर के दर्शक बेसब्री से कर रहे हैं।
