जानिए बादाम, अखरोट, काजू और पिस्ता जैसे नट्स पेड़ों और जमीन में कैसे उगते हैं और दिखते कैसे हैं।
रोजाना खाने में शामिल होने वाले ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, अखरोट, काजू और पिस्ता सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये नट्स आखिर पेड़ों या जमीन में कैसे उगते हैं और अपने असली रूप में कैसे दिखते हैं? बाजार तक पहुंचने से पहले इनका स्वरूप और उत्पादन प्रक्रिया काफी दिलचस्प होती है।
सबसे पहले बात करें बादाम की, तो यह ठंडे और हल्के गर्म जलवायु वाले इलाकों में उगाया जाता है। बादाम का पेड़ आड़ू परिवार का होता है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में Prunus dulcis कहा जाता है। यह पेड़ 13 से 33 फीट तक ऊंचा हो सकता है और इसकी शाखाएं काफी फैली होती हैं। हम जो बादाम खाते हैं, वह असल में इसके फल के अंदर मौजूद बीज होता है, जबकि ऊपर की परत मोटी और सख्त होती है।
इसी तरह अखरोट का पेड़, जिसे Juglans regia कहा जाता है, काफी विशाल और लंबे समय तक जीवित रहने वाला होता है। यह पेड़ 100 साल से भी ज्यादा समय तक जीवित रह सकता है, लेकिन इसमें फल आने में 5 से 7 साल का समय लगता है। इसका फल स्टोन फ्रूट कहलाता है, जिसके अंदर सख्त खोल में अखरोट की गिरी होती है, जिसे हम खाते हैं।
वहीं मूंगफली की कहानी थोड़ी अलग है। यह पेड़ पर नहीं बल्कि जमीन के अंदर उगती है। इसका पौधा छोटा होता है और झाड़ी की तरह फैलता है। इसका वैज्ञानिक नाम Arachis hypogaea है और यह मटर व बीन्स परिवार से संबंधित है। मूंगफली प्रोटीन का अच्छा स्रोत मानी जाती है और सर्दियों में खूब खाई जाती है।
also read : गर्मियों के सुपरफ्रूट्स: लीची से लेकर आम तक, विटामिन C से भरपूर फल जो बढ़ाएं त्वचा की चमक
काजू की बात करें तो यह उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में उगता है और इसका पेड़ काफी बड़ा होता है, जो लगभग 40-45 फीट तक ऊंचा हो सकता है। काजू का फल नाशपाती के आकार का होता है, जिसे काजू एप्पल कहा जाता है। इस फल के नीचे काजू का बीज लगा होता है, जिसे प्रोसेस करके हम खाने योग्य काजू बनाते हैं।
वहीं पिस्ता भी पेड़ पर लगने वाला एक खास नट है। इसका पेड़ लगभग 30 फीट तक ऊंचा होता है और इसमें छोटे फल (ड्रूप) लगते हैं, जिनके अंदर पिस्ता होता है। जब फल पक जाता है, तो उसकी बाहरी परत सूखकर खुल जाती है और अंदर का बीज दिखाई देने लगता है। दिलचस्प बात यह है कि पिस्ता का प्राकृतिक स्वाद हल्का मीठा होता है, जबकि बाजार में मिलने वाला नमकीन स्वाद प्रोसेसिंग के दौरान आता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन सभी नट्स में प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो दिमाग, दिल और शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं।
कुल मिलाकर, रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले ये नट्स केवल स्वाद ही नहीं बल्कि प्रकृति की अनोखी देन भी हैं, जिनकी उत्पादन प्रक्रिया और असली रूप जानना हर किसी के लिए रोचक अनुभव हो सकता है।

