मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फर्जी एजेंटों पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान करते हुए बताया कि विदेश सहयोग विभाग के जरिए 390 युवा इजराइल भेजे गए, जिन्हें 3.38 लाख से अधिक मासिक वेतन मिल रहा है।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के युवाओं को सुरक्षित और कानूनी तरीके से विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्पष्ट किया कि सरकार फर्जी एजेंटों और डंकी रूट के जरिए युवाओं को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए अनेक योजनाएं पहले से संचालित हैं, लेकिन जो युवा विदेश में अवसर तलाशना चाहते हैं, उनके लिए ‘विदेश सहयोग विभाग’ सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। विभाग की वेबसाइट पर विदेश में रोजगार, शिक्षा, व्यापार और निवेश से जुड़ी संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, अधिकृत एजेंटों की सूची भी सार्वजनिक की गई है ताकि युवा धोखाधड़ी से बच सकें।
डंकी रूट पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले एजेंटों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। ट्रैवल एजेंट्स को नियंत्रित करने के लिए विशेष कानून बनाया गया है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी अनधिकृत एजेंट के झांसे में न आएं और केवल सरकारी या अधिकृत माध्यम से ही आवेदन करें।
also read : 18 मार्च को 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित करेगी पंजाब सरकार, राज्य स्तर पर 100 को ₹25,000 का पुरस्कार
एचकेआरएनएल के जरिए लीगल रूट से विदेश रोजगार
सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के माध्यम से युवाओं को कानूनी रास्ते से विदेश भेज रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि एचकेआरएनएल को विदेश मंत्रालय से रिक्रूटिंग एजेंट लाइसेंस की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और समय-समय पर विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं।
390 युवा इजराइल भेजे गए, 3.38 लाख से अधिक वेतन
सरकार की पहल के तहत अब तक दो चरणों में 390 युवाओं को इजराइल भेजा जा चुका है, जहां उन्हें 3 लाख 38 हजार रुपये से अधिक मासिक वेतन मिल रहा है। यह पहल प्रदेश के युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खोल रही है।
दुबई और ओमान में भी अवसर
3 जनवरी को आयोजित पंचजन्य-2026 कार्यक्रम के तहत 210 युवाओं को दुबई जाने के लिए ऑफर लेटर दिए गए। इसके अलावा हाल ही में विदेश से 10 हजार कर्मचारियों की मांग प्राप्त हुई है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने 7,600 युवाओं को इजराइल और 100 युवाओं को ओमान भेजने के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। चयन प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी और उन्हें सुरक्षित, पारदर्शी और कानूनी माध्यम से विदेश में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

