हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि नायब सिंह सैनी सरकार की खेल नीति से खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिला है। 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और आगामी ओलंपिक में प्रदेश के खिलाड़ी मजबूत प्रदर्शन करेंगे।
हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि राज्य में खेलों के लिए बने अनुकूल माहौल का असर अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर साफ दिखने लगा है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2030 में अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और आने वाले ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ी दमदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
डॉ. शर्मा गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव माहरा में महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती के अवसर पर आयोजित विशाल कबड्डी प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने खिलाड़ियों के लिए ऐसा वातावरण बनाया है, जहां प्रतिभा को निखरने का पूरा अवसर मिल रहा है। आज युवाओं में खेलों के प्रति रुचि तेजी से बढ़ रही है और हरियाणा देश में एक मजबूत स्पोर्ट्स पावरहाउस के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि टोक्यो ओलंपिक में देश के 126 खिलाड़ियों में से 32 खिलाड़ी हरियाणा से थे। भारत को मिले सात पदकों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर बड़ी भूमिका निभाई। वहीं, ओलंपिक 2024 में देश को मिले छह पदकों में से पांच पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने नाम किए, जो राज्य की खेल नीति की सफलता को दर्शाता है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में करीब 16,500 खिलाड़ियों को लगभग 700 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है और 231 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां भी मिली हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर सकें।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने गांव माहरा में 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया और 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली ब्राह्मण चौपाल का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा उन्होंने चौपालों की चारदीवारी, खेल स्टेडियम में शेड, नाला निर्माण और तालाब की चारदीवारी जैसे कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। गांव की खेल अकादमी के लिए भी चारदीवारी और शेड निर्माण की घोषणा की गई।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ पदक जीतना नहीं, बल्कि हर गांव और हर युवा को खेलों से जोड़कर स्वस्थ और सशक्त हरियाणा बनाना है।

