वाईएमसीए फरीदाबाद के 100 छात्रों को भारती एयरटेल फाउंडेशन स्कॉलरशिप मिलेगी। साथ ही विश्वविद्यालय में 23 करोड़ रुपये से चार नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे, जिनमें AI, एंटी-ड्रोन और मेकाट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के छात्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारती एयरटेल फाउंडेशन ने अपने स्कॉलरशिप प्रोग्राम के तहत विश्वविद्यालय के 100 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की है। यह ऐलान भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष और संस्थान के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र श्री राकेश भारती मित्तल ने स्वर्ण जयंती पूर्व छात्र मिलन समारोह ‘संगम-2026’ के दौरान किया।
यह समारोह संस्थान के 1972-76 बैच के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसकी अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने की। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई वरिष्ठ कॉर्पोरेट लीडर्स और पूर्व छात्र भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में अनुमानित 23 करोड़ रुपये के निवेश से चार नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की भी घोषणा की गई। इन उत्कृष्टता केंद्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग, एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी, मेकाट्रॉनिक्स और आइडिया लैब शामिल हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य उभरती तकनीकों में अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देना है, ताकि छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।
अपने संबोधन में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय की मजबूत उद्योग साझेदारियों, व्यावहारिक शिक्षा और समृद्ध इंडो-जर्मन विरासत पर आधारित पहचान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वाईएमसीए आज राज्य में छात्रों की पहली पसंद बन चुका है और आने वाले पांच वर्षों में इसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में स्थापित करना उनका लक्ष्य है।
श्री राकेश भारती मित्तल ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि किस तरह संस्थान के शिक्षकों और वातावरण ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से भारती एयरटेल फाउंडेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम का विस्तार किया जाएगा, जिसके तहत हर साल 100 छात्रों (लड़के और लड़कियां दोनों) को छात्रवृत्ति दी जाएगी। अभी तक इस योजना के तहत 57 स्कॉलरशिप दी जा चुकी हैं और फिलहाल 25 छात्राएं इसका लाभ ले रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जो छात्र 8.5 या उससे अधिक सीजीपीए बनाए रखेंगे, उन्हें लैपटॉप के साथ-साथ छात्रावास शुल्क और मेस चार्ज के लिए भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डाइकिन इंडिया के सीईओ एवं एमडी कंवलजीत जावा, फुजी जेमको प्रा. लिमिटेड के सीईओ डॉ. महेश सचदेवा, वाईएमसीए मॉब एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन का समन्वय विश्वविद्यालय की एलुमनाई अफेयर्स सेल द्वारा किया गया।


