राजपाल यादव के कर्ज मामले पर उनकी पत्नी राधा यादव ने चुप्पी तोड़ी और बताया कि फिल्म इंडस्ट्री उनके साथ खड़ी है। सोनू सूद, गुरु रंधावा और मीका सिंह समेत कई सितारों ने मदद की पेशकश की है।
अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव के चेक बाउंस मामलों से जुड़े केस में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने के एक दिन बाद उनकी पत्नी राधा यादव ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। राधा यादव ने कहा है कि इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री उनके पति के साथ मजबूती से खड़ी है और कई कलाकार आगे बढ़कर मदद कर रहे हैं।
राजपाल यादव ने आत्मसमर्पण से पहले एक भावुक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके पास इस समय पैसे नहीं हैं और वह इस लड़ाई में खुद को अकेला महसूस कर रहे हैं। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से लगातार समर्थन की आवाजें सामने आने लगीं। सोनू सूद और गुरु रंधावा के बाद अब सिंगर मीका सिंह ने भी राजपाल यादव को 11 लाख रुपये की मदद देने की पेशकश की है।
राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में इंडस्ट्री के समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, “हर कोई उनके साथ खड़ा है। इंडस्ट्री ने जिस तरह से सपोर्ट किया है, उसके लिए मैं सभी का दिल से धन्यवाद करती हूं। जो भी आगे आकर मदद कर रहे हैं, उनके प्रति हम बेहद आभारी हैं।”
राधा यादव ने यह भी बताया कि सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकार भी इस मुश्किल वक्त में राजपाल यादव के साथ खड़े हैं। अभिनेता गुरमीत चौधरी और संगीतकार राव इंदरजीत यादव समेत कई लोगों ने सार्वजनिक रूप से आर्थिक मदद की पेशकश की है और दूसरों से भी आगे आने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि राजपाल यादव पर कुल बकाया राशि करीब 9 करोड़ रुपये के आसपास है, जिसके चलते उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इंडस्ट्री से मिल रहे सहयोग के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इस संकट से उबरने में उन्हें कुछ राहत मिल सकती है।
राजपाल यादव हिंदी सिनेमा के जाने-माने कॉमेडियन रहे हैं और उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। ऐसे में उनके इस कठिन दौर में इंडस्ट्री का साथ आना उनके लिए भावनात्मक और आर्थिक दोनों ही रूप से बड़ी राहत माना जा रहा है।


