हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने ग्रुप-C पदों के लिए CET फेज-II की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार 23 फरवरी 2026 तक बिना शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। जानिए पूरी जानकारी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-C पदों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) फेज-II की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग के चेयरमैन श्री हिम्मत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में विज्ञापन संख्या 04/2026 जारी किया गया है और इच्छुक व पात्र अभ्यर्थी आज से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन का प्रकाशन 6 फरवरी 2026 को किया गया था, जबकि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 फरवरी 2026 से शुरू होकर 23 फरवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.hssc.gov.in पर जाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
इस विज्ञापन के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें एमपीएचडब्ल्यू (महिला), एमपीएचडब्ल्यू (पुरुष), स्टाफ नर्स/नर्स, सिस्टर ट्यूटर, रेडियोग्राफर, डिस्पेंसर (आयुर्वेदिक), डाइटिशियन, फॉरेस्ट गार्ड, जूनियर इंजीनियर (सिविल), जूनियर इंजीनियर (हॉर्टिकल्चर), जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्नीशियन (इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल), प्लांट अटेंडेंट (इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल) तथा लीगल असिस्टेंट जैसे पद शामिल हैं। इन पदों के लिए बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
चेयरमैन श्री हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया कि इस भर्ती प्रक्रिया में किसी भी अभ्यर्थी से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी सभी उम्मीदवार बिना किसी शुल्क के इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने इसे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को भी समान अवसर मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछड़ा वर्ग (BCA/BCB) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र 1 अप्रैल 2025 या उसके बाद जारी होना चाहिए और आवेदन की अंतिम तिथि तक मान्य होना अनिवार्य है। वहीं, DSC/OSC श्रेणी के अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी हुए होने चाहिए और अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए।
भूतपूर्व सैनिक (ESM) के पारिवारिक सदस्यों के लिए पात्रता प्रमाण पत्र 10 फरवरी 2025 या उसके बाद जारी या नवीनीकृत होना चाहिए और वह भी आवेदन की अंतिम तिथि तक मान्य होना जरूरी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि से पहले या अमान्य प्रमाण पत्रों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
चेयरमैन ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन ऑनलाइन जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या वेबसाइट पर अधिक लोड के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा करेगा और योग्य उम्मीदवारों को चयन का पूरा अवसर मिलेगा।


