हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने केंद्रीय बजट, विकसित भारत जी.राम.जी. अभियान और किसान चौपाल कार्यक्रम के तहत रादौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने गांव गुमथला, संधाला, नाहरपुर, कमालपुर, बीच का माजरा, करेड़ा-2, कांसापुर, फर्कपुर, ईशोपुर, मंडौली और दामला सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
इस दौरान श्री श्याम सिंह राणा ने हाल ही में देश की वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि इस बजट में विशेष रूप से कृषि व्यवस्था को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखा गया है, जिससे देश के विकास को नई गति मिलेगी। कृषि के लिए निर्धारित राशि से किसानों को फसलों के बेहतर दाम, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी और किसानों के हित में नई योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है, जिससे खेती टिकाऊ और लाभकारी बन सके।
कृषि मंत्री ने बताया कि मनरेगा योजना को विकसित भारत अभियान से जोड़ते हुए इसे विकसित भारत जी.राम.जी. योजना के रूप में विस्तार दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
श्री राणा ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और उसकी विदेश नीति मजबूत नेतृत्व के हाथों में सुरक्षित है, जहां देश की कार्यप्रणाली संविधान के अनुसार चलती है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत पाकिस्तान में सेना का प्रभाव अधिक है, जिससे वहां की व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती साख का उदाहरण यह है कि अमेरिका जैसे देश भी भारत की विदेश नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की सराहना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठित पार्टी है और संगठित दल ही विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ते हैं। पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि संतों के संग से आध्यात्मिक शांति मिलती है और प्रदेश सरकार ने सभी वर्गों के संतों की जयंती मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
श्याम सिंह राणा ने बताया कि रादौर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक अंबेडकर भवनों का निर्माण कराया गया है और खेतों के रास्तों को पक्का करने का कार्य भी यहीं से शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए देशी गाय की खरीद पर सब्सिडी भी दे रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
दौरे के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनका शीघ्र समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने मंत्री के इस दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिला है।


