हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने रविवार को हिसार के आजाद नगर क्षेत्र में लगभग 28.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बरसाती जल निकासी परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा और नागरिकों को बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना आजाद नगर क्षेत्र के लगभग 500 एकड़ इलाके को कवर करेगी। बरसात के दिनों में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे देखते हुए सरकार ने इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया है। उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत विभिन्न आकार की करीब 14 किलोमीटर लंबी आरसीसी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे बारिश के पानी की सुचारू निकासी संभव हो सकेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि बरसाती पानी की निकासी के लिए 8 आधुनिक पंप लगाए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक पंप की क्षमता 18 हजार 500 लीटर प्रति मिनट होगी। इसके साथ ही पानी के संग्रहण के लिए एक टैंक का निर्माण किया जाएगा और पंपों के संचालन के लिए एक पंप हाउस भी बनाया जाएगा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पंपों का संचालन बिना रुके जारी रहे, इसके लिए 600 केवीए क्षमता के दो जनरेटर भी स्थापित किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंपों के माध्यम से निकाला गया बरसाती पानी 800 मिमी साइज की डीआई पाइपलाइन की दो लाइनों के जरिए हिसार मल्टीपर्पज ड्रेन में डाला जाएगा, जिनकी कुल लंबाई लगभग 5200 मीटर होगी। इसके अतिरिक्त, लघु सचिवालय स्थित बरसाती पानी के डिस्पोजल प्वाइंट पर पंपों की क्षमता 16 क्यूसेक से बढ़ाकर 60 क्यूसेक की जाएगी, जिससे पटेल नगर, जवाहर नगर और ग्रीन पार्क जैसे आसपास के क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
रणबीर गंगवा ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद आजाद नगर क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से मुक्ति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर व सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश को आधुनिक बुनियादी ढांचे से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की नीतियों का सीधा लाभ आम नागरिक तक पहुंच रहा है और प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आमजन से संवाद पर सरकार का जोर
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आजाद नगर क्षेत्र के निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर नलवा विधायक श्री रणधीर पनिहार, पार्षद श्री सत्यवान पान्नू, पार्षद श्री गुलाब धानक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस परियोजना के लिए सरकार और कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।


