हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। योजना के अंतर्गत अब तक 10 लाख 255 महिलाओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से लगभग 8 लाख पात्र महिलाओं को सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक इस योजना के तहत दो किस्तों में करीब 250 करोड़ रुपये की सहायता राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में सीधे स्थानांतरित की जा चुकी है। यह योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की महिलाओं से अपील करते हुए कहा,
“प्रदेश की महिलाओं से आग्रह है कि वे इस योजना के तहत अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक सुगमता से पहुँचाया जा सके।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है, जिससे लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है।


