हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कैथल के चंदाना गेट पर नगर परिषद द्वारा निर्मित महात्मा ज्योतिबा फुले चौक का उद्घाटन किया और उनकी प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने माता सावित्रीबाई फुले की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावित्रीबाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका थीं, जिन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों की शिक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम माना और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। ऐसे महापुरुषों की प्रतिमाएं और स्मारक नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा फुले दंपति के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।


