नई दिल्ली। हरियाणा के स्वास्थ्य मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। नई दिल्ली में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के बीच प्रदेश के स्वास्थ्य रोडमैप को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, जनस्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की खुले तौर पर सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा का हेल्थ मॉडल अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायी है।
विशेष रूप से टीबी मुक्त भारत / टीबी मुक्त हरियाणा अभियान के तहत राज्य के प्रदर्शन को बैठक में उल्लेखनीय बताया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टीबी नियंत्रण, समय पर जांच, उपचार और जागरूकता के क्षेत्र में हरियाणा ने सराहनीय कार्य किया है, जिससे राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूती मिली है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने केंद्रीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार आम नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में निवारक, उपचारात्मक और जनजागरूकता आधारित स्वास्थ्य रणनीतियों पर समान रूप से जोर दिया जा रहा है।
यह बैठक केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


