मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज राखीगढ़ी जाते समय जींद जिले के गांव ईंटल गांव में रुककर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांववासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेती-बाड़ी, फसल उत्पादन, सिंचाई, ग्रामीण विकास और अन्य स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों से उनकी आवश्यकताओं और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने गांव के बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और उनके अनुभवों को सुना। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत की मजबूती ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है और सरकार का प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के बीच आकर संवाद करने और उनकी बातों को गंभीरता से सुनने पर आभार व्यक्त किया। यह संवाद सरकार और जनता के बीच विश्वास और सहभागिता को और सुदृढ़ करने वाला माना जा रहा है।


