हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रनिर्माण के प्रखर स्तंभ, राजनीति के दूरदर्शी शिखर पुरुष और भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश का नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा, “सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाने वाली अटल जी की जयंती राष्ट्रव्यापी व्यवस्था परिवर्तन और शासन में पारदर्शिता का प्रतीक है।”
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि अटल जी की दूरदर्शिता, संवाद की शक्ति और समावेशी विकास की सोच आज भी देश के लिए मार्गदर्शक है। उनका जीवन सार्वजनिक जीवन में शुचिता, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा का आदर्श उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचार और सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों को सुशासन, सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।


