माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने आज पंचकूला आगमन के दौरान हरियाणा को एक साथ कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। यह पहल राज्य में सहकारिता, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने रिमोट के माध्यम से जिला भिवानी के सलेमपुर स्थित दूध शीतकरण केंद्र, जिला रेवाड़ी के जाटूसाना स्थित हैफेड आटा मिल तथा सहकारिता मंत्रालय द्वारा विकसित आईवाईसी (IYC) पोर्टल का ई-लोकार्पण किया।
दूध शीतकरण केंद्र के शुभारंभ से दुग्ध उत्पादक किसानों को दूध के सुरक्षित भंडारण और बेहतर विपणन की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। वहीं हैफेड आटा मिल के संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और सहकारी संस्थाओं को मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही आईवाईसी पोर्टल के माध्यम से सहकारिता क्षेत्र में डिजिटल पारदर्शिता, तकनीकी सशक्तिकरण और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सहकारिता के जरिए किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इन परियोजनाओं के लोकार्पण से हरियाणा में “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को नई गति मिलेगी और राज्य का सहकारिता ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा।


