हरियाणा सरकार ने प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक एक्शन प्लान लागू किया है। स्थानीय निकाय, राजस्व आपदा एवं प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि शहरी क्षेत्रों में पूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा ‘क्लस्टर-आधारित’ गहन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत शहरों को विभिन्न क्लस्टरों में विभाजित कर चरणबद्ध तरीके से साफ-सफाई की जा रही है, ताकि हर क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जा सके। इससे न केवल सफाई व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि निगरानी और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि कूड़ा प्रबंधन को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए ‘डोर-टू-डोर’ कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। घर-घर से कचरा उठान की इस प्रणाली से सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी को रोकने में मदद मिलेगी।
विपुल गोयल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। सरकार नागरिकों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ने, जागरूकता बढ़ाने और आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणालियों को अपनाने पर विशेष जोर दे रही है।


