प्रदेश में संचालित ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव के तहत कर्मचारियों को बड़ी राहत दी गई है। सरकार ने मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 दिसंबर, 2025 कर दी है। अब कर्मचारी निर्धारित तिथि तक अपना मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाकर अपने संबंधित चेकर के पास जमा करा सकेंगे।
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, कर्मचारियों के आवेदनों की समुचित जांच के उपरांत आवेदन प्राप्त होने की तिथि से यथासंभव तीन कार्य दिवसों के भीतर मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव की प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
प्रशासन ने संबंधित विभागों और चिकित्सा संस्थानों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। अधिकारियों का कहना है कि तय समय-सीमा के भीतर प्रमाणपत्र जारी होने से ट्रांसफर प्रक्रिया में तेजी आएगी और कर्मचारियों को समय पर राहत मिलेगी।
सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने में भी मदद मिलेगी।


