हरियाणा में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को बड़े स्तर पर लागू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस दिशा में ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और इसके प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश में रूफटॉप सोलर सिस्टम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बिजली वितरण निगमों में निगरानी समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं। ये समितियां योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों की नियमित निगरानी करेंगी, ताकि गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
श्री अनिल विज ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ न केवल आम नागरिकों को बिजली बिल से राहत देगी, बल्कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हरियाणा को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को योजना की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाकर इसका लाभ उठा सकें। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा को हरित ऊर्जा की दिशा में अग्रणी राज्य बनाया जाए।


