चंडीगढ़। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सीएम विंडो से जुड़े प्रबुद्धजनों से जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान ही सुशासन की असली पहचान है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सीएम विंडो पोर्टल पर अब तक 14.82 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें से 14.12 लाख से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान किया जा चुका है। यह आंकड़े राज्य सरकार की जवाबदेही और प्रशासनिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो आम जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रही है। इससे नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है और उनके समाधान की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और प्रबुद्धजनों से आग्रह किया कि वे जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए लोगों के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करें, ताकि हरियाणा को सुशासन का आदर्श राज्य बनाया जा सके।


