चंडीगढ़। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा है कि निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने मीडियाकर्मियों के कल्याण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उनकी पेंशन राशि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹15,000 प्रति माह कर दी है। इस निर्णय से प्रदेश के पत्रकारों में खुशी का माहौल है।
वर्तमान में राज्य के 222 मीडियाकर्मी इस पेंशन योजना का लाभ उठा रहे हैं। सरकार के इस फैसले को पत्रकारों के आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने वाला कदम बताया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि भविष्य में भी मीडियाकर्मियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए इसी प्रकार के सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे।


