चंडीगढ़। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों को शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों के शौर्य, बलिदान और अनुशासन के कारण ही आज देश सुरक्षित है और नागरिक स्वतंत्रता के साथ जीवन जी पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सैनिक विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करते हैं और उनकी कुर्बानी को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा सैनिकों व उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आमजन से भी आह्वान किया कि वे सशस्त्र सेना झंडा कोष में योगदान देकर पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और दिव्यांग सैनिकों के पुनर्वास एवं कल्याण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें देश के लिए त्याग और समर्पण की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।


