चंडीगढ़। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। स्वास्थ्य मंत्री अर्टी सिंह राव ने बताया कि जरूरत के अनुसार विभिन्न जिलों में अस्पतालों का अपग्रेडेशन किया जा रहा है, ताकि लोगों को उनके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि महेंद्रगढ़ और बहादुरगढ़ के अस्पतालों के निर्माण एवं अपग्रेडेशन के लिए लगभग ₹40.40 करोड़ की मंजूरी प्रदान की गई है। इन अस्पतालों में आवश्यक ढांचागत सुविधाओं, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नए वार्डों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है, जिससे ग्रामीण और शहरी—दोनों क्षेत्रों में लोगों को बेहतर उपचार मिल सके। सरकार की यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में महत्वपूर्ण सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगी।


