संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर विवाद की खबरों के बीच यह साफ हो गया है कि करिश्मा कपूर का इसमें कोई दावा नहीं है। एक्ट्रेस सिर्फ अपने बच्चों समायरा और कियान के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
संजय कपूर के निधन के बाद उनके 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद की खबरें सामने आ रही हैं। लेकिन अब यह साफ कर दिया गया है कि उनकी एक्स-वाइफ और बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर इस प्रॉपर्टी विवाद में कहीं से भी शामिल नहीं हैं।
12 जून 2025 को कार्डियक अरेस्ट के चलते संजय कपूर का निधन हुआ था। उनके जाने के बाद मीडिया में ये खबरें आई थीं कि करिश्मा कपूर भी संजय की संपत्ति में हिस्सा मांग रही हैं, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक यह महज अफवाह है।
प्रॉपर्टी विवाद से दूर हैं करिश्मा कपूर
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, करिश्मा कपूर का संजय कपूर की संपत्ति या एस्टेट से कोई लेना-देना नहीं है। एक नजदीकी सूत्र ने बताया, “करिश्मा न ही कोई दावा कर रही हैं और न ही इस संपत्ति विवाद में उनकी कोई भूमिका है। वह सिर्फ अपने बच्चों समायरा और कियान के फ्यूचर को लेकर चिंतित हैं।”
संजय-करिश्मा की शादी और तलाक
संजय कपूर और करिश्मा कपूर की शादी साल 2003 में हुई थी। यह संजय की दूसरी शादी थी। लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला और 2016 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के समय करिश्मा ने संजय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।
इनकी शादी से दो बच्चे हैं – समायरा कपूर और कियान कपूर। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय की प्रॉपर्टी में दोनों बच्चों का लीगल हक बनता है और उन्हें उनका हिस्सा मिलेगा। करिश्मा की प्राथमिकता भी सिर्फ बच्चों का हक और भविष्य है।
संजय कपूर की तीन शादियां
संजय कपूर की पहली शादी डिजाइनर नंदिता महतानी से हुई थी, लेकिन इस रिश्ते से उन्हें कोई संतान नहीं हुई। फिर उन्होंने करिश्मा कपूर से शादी की और दो बच्चे हुए। तलाक के बाद उन्होंने प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की, जिनसे उनका एक बेटा है – अजारियस कपूर।


