मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विजय दिवस के पावन अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए वर्ष 1971 के युद्ध में राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय दिवस भारतीय सैन्य इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है, जब भारतीय सशस्त्र बलों ने असाधारण वीरता, रणनीतिक कौशल और अनुशासन का परिचय देते हुए निर्णायक विजय प्राप्त की। यह दिन न केवल सैन्य पराक्रम का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्र की एकता, संकल्प और आत्मबल का भी स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि 1971 का युद्ध भारतीय सेना के शौर्य की वह अमर गाथा है, जिसे इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित किया गया है। हमारे वीर जवानों और शहीदों के बलिदान के कारण ही आज देश सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र सदैव उनके योगदान को स्मरण करता रहेगा और उनके सम्मान व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

