रक्षाबंधन 2026: 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। जानें पूर्णिमा तिथि, भद्रा का समय, राखी बांधने का शुभ मुहूर्त और चंद्र ग्रहण की जानकारी।
रक्षाबंधन 2026: भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन इस साल 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। यह त्योहार सावन पूर्णिमा के दिन मनाने की परंपरा है। इस बार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त से शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह तक रहेगी। साथ ही रक्षाबंधन के दिन चंद्र ग्रहण भी पड़ेगा। ऐसे में राखी बांधने का शुभ समय और भद्रा की स्थिति जानना जरूरी है।
कब शुरू होगी सावन पूर्णिमा?
पंचांग गणना के अनुसार, सावन पूर्णिमा 27 अगस्त 2026 को सुबह 9:08 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त को सुबह 9:48 बजे समाप्त होगी। पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त से शुरू होने के बावजूद रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
पूर्णिमा के दिन व्रत, स्नान और दान का भी विशेष महत्व माना जाता है। वहीं भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन पूर्णिमा की उदयातिथि के आधार पर 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
28 अगस्त को ही क्यों मनाया जाएगा रक्षाबंधन?
रक्षाबंधन की तारीख निर्धारित करने में उदयातिथि का विशेष महत्व माना जाता है। चूंकि 28 अगस्त को सूर्योदय के समय पूर्णिमा तिथि मौजूद रहेगी, इसलिए इसी दिन राखी बांधने की परंपरा निभाई जाएगी।
इस बार रक्षाबंधन शुक्रवार को पड़ रहा है। पंचांग के अनुसार इस दिन सुकर्मा योग, शतभिषा नक्षत्र और मीन राशि में चंद्रमा की स्थिति रहेगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन संयोगों को शुभ माना जाता है।
also read: सावन पुत्रदा एकादशी 2026: 24 अगस्त को एकादशी पारण और सावन सो…
रक्षाबंधन 2026: राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
28 अगस्त को राखी बांधने के लिए शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है। इस अवधि में बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और लंबी आयु की कामना कर सकती हैं।
प्रदोष काल: शाम 5:11 बजे से शाम 6:47 बजे तक
राखी बांधते समय परिवार की परंपरा और स्थानीय पंचांग में दिए गए मुहूर्त को प्राथमिकता देना उचित माना जाता है।
क्या रक्षाबंधन पर रहेगा भद्रा का साया?
रक्षाबंधन पर भद्रा काल का विशेष ध्यान रखा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भद्रा के दौरान राखी बांधने जैसे शुभ कार्यों से बचने की परंपरा रही है।
इस बार पंचांग गणना के अनुसार भद्रा 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे से रात 9:32 बजे तक रहेगी। इसके बाद भद्रा समाप्त हो जाएगी। इसलिए 28 अगस्त को बताए गए राखी बांधने के शुभ समय में भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा।
रक्षाबंधन के दिन चंद्र ग्रहण भी
इस साल रक्षाबंधन का पर्व एक खगोलीय घटना के बीच पड़ रहा है। 28 अगस्त 2026 को चंद्र ग्रहण लगने की जानकारी दी गई है। भारतीय समय के अनुसार इसकी शुरुआत सुबह 6:53 बजे और समाप्ति दोपहर 12:32 बजे बताई गई है।
ग्रहण की कुल अवधि करीब 5 घंटे 39 मिनट बताई जा रही है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा।
बहनें कब बांधें राखी?
पंचांग में दिए गए समय के अनुसार 28 अगस्त की सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय बताया गया है। इस दौरान बहनें भाई की आरती कर सकती हैं, तिलक लगा सकती हैं और उनकी सुख-समृद्धि की कामना करते हुए राखी बांध सकती हैं।

