भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 के लिए हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) का ऑनलाइन आवेदन पोर्टल अब लाइव कर दिया गया है।
शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर 04 जनवरी 2026 (रात 12 बजे तक) ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के सुव्यवस्थित, पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन के लिए इस बार अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा आयोजन तक प्रत्येक चरण में तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिक्षा बोर्ड ने सभी पात्र उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
HTET 2025 हरियाणा में शिक्षक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है, ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के इसमें शामिल होने की संभावना है।

