गुरुग्राम। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) ने श्रमिक कल्याण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आईएमटी मानेसर में दो अटल श्रमिक किसान कैंटीन शुरू कर दी हैं। इन कैंटीनों में श्रमिकों को मात्र ₹10 में पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
एचएसआईआईडीसी अधिकारियों के अनुसार, उद्योग क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। कैंटीनों की स्थापना सीएसआर सहयोग से की गई है, जबकि इनका संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा किया जाएगा, जिससे स्थानीय महिलाओं और परिवारों को रोजगार भी मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, तीन नई कैंटीनें भी जल्द ही IMT Manesar में शुरू की जाएंगी, जिससे अधिक संख्या में श्रमिकों को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
उद्योग संगठनों और श्रमिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे श्रमिकों को न केवल किफायती भोजन मिलेगा, बल्कि कार्यस्थल पर उनकी उत्पादकता और स्वास्थ्य में भी सुधार आएगा।

