155 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र मुख्य केंद्रों में अपग्रेड होंगे। कार्यकर्ताओं का भत्ता बढ़ेगा, सहायिकाओं की नियुक्ति होगी और सुविधाओं के लिए बजट भी बढ़ेगा।
हरियाणा सरकार ने राज्य में संचालित 155 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को मुख्य आंगनबाड़ी केंद्रों में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की स्वीकृति के बाद इन केंद्रों पर सुविधाओं और बजट में बढ़ोतरी होगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा भत्ता
अपग्रेड किए जाने वाले केंद्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के केंद्रीय भत्ते में बढ़ोतरी होगी। मौजूदा 3,500 रुपये के बजाय अब 4,500 रुपये का केंद्रीय भत्ता मिलेगा।
इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर एक आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति भी की जाएगी। नई नियुक्त सहायिकाओं को 2,250 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। उन्हें सालाना 1,000 रुपये का वर्दी भत्ता भी मिलेगा।
also read: HTET Result 2026: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा का रिजल्ट जारी, 16…
दवा और उपकरणों के लिए बढ़ेगा बजट
नए प्रावधानों के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों की दवा किट के लिए मिलने वाली वार्षिक राशि 750 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी जाएगी।
वहीं, उपकरण और फर्नीचर के लिए पांच साल की अवधि में 3,000 रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। अन्य खर्चों के लिए मिलने वाला वार्षिक बजट भी 1,000 रुपये से बढ़कर 2,000 रुपये होगा।
300 दिनों तक मिलेगा पूरक पोषण
इन अपग्रेडेड आंगनबाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों को साल में 300 दिनों तक पूरक पोषण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बच्चों और अन्य पात्र लाभार्थियों को पोषण संबंधी सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी खर्च
महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक प्रियंका सोनी के अनुसार, इन केंद्रों के संचालन में केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और हरियाणा सरकार 40 प्रतिशत राशि वहन करेगी। 155 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को मुख्य केंद्रों में बदलने से जुड़े संचालन पर करीब 69.36 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है।

