HTET Result 2026: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है। 16.57% अभ्यर्थी सफल हुए। जानें परीक्षा आंकड़े, बायोमेट्रिक अपडेट और रिजल्ट चेक करने का तरीका।
HTET Result 2026: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) का परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़ ने रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस बार परीक्षा में 16.57 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल हुए हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
2.33 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
इस साल HTET के लिए कुल 2,33,894 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल थे। परीक्षा का आयोजन प्रदेशभर में 383 केंद्रों पर किया गया था।
HTET परीक्षा का आयोजन 4 और 5 जुलाई 2026 को तीन शिफ्ट में हुआ था। परीक्षा के लगभग डेढ़ महीने बाद बोर्ड ने परिणाम घोषित किया है।
तीन स्तरों पर हुई थी HTET परीक्षा
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा तीन अलग-अलग स्तरों पर आयोजित की गई थी। इसमें प्राथमिक शिक्षक यानी लेवल-1 (PRT), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक यानी लेवल-2 (TGT) और स्नातकोत्तर शिक्षक यानी लेवल-3 (PGT) शामिल रहे।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों में लेवल-1 के लिए 41,062, लेवल-2 के लिए 1,19,141 और लेवल-3 के लिए 73,091 अभ्यर्थी शामिल थे।
also read: पंजाब के घन्नौर में तीज महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, महिलाओं…
1.92 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में हुए शामिल
बोर्ड चेयरमैन के अनुसार, HTET परीक्षा में कुल 1,92,220 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें लेवल-1 में 31,402, लेवल-2 में 99,896 और लेवल-3 में 60,922 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। रिजल्ट जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों के लिए शिक्षक पात्रता की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता खुल गया है।
30,883 अभ्यर्थियों की हुई बायोमेट्रिक
HTET में सफल अभ्यर्थियों की पहचान प्रक्रिया के तहत बायोमेट्रिक भी कराई गई। बोर्ड के अनुसार, 31,847 उम्मीदवारों को बायोमेट्रिक के लिए बुलाया गया था।
इनमें से 30,883 अभ्यर्थी 10 से 12 अगस्त के बीच जिला मुख्यालयों पर आयोजित बायोमेट्रिक प्रक्रिया में शामिल हुए। वहीं, 964 उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया में उपस्थित नहीं हो सके।
छूटे उम्मीदवारों को मिलेगा एक और मौका
बोर्ड ने बताया कि जो अभ्यर्थी बायोमेट्रिक प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए, उन्हें एक और अवसर दिया जाएगा। हालांकि, अगली बायोमेट्रिक प्रक्रिया जिला मुख्यालयों के बजाय बोर्ड कैंपस में आयोजित की जाएगी।
ऐसे चेक करें HTET Result 2026
HTET Result देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद HTET Result 2026 के लिंक पर क्लिक करें। मांगी गई जानकारी जैसे रोल नंबर और अन्य विवरण दर्ज करके सबमिट करें। स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देने के बाद उसे डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।

