मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को धार्मिक, सांस्कृतिक और जनसेवा संबंधी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने की तैयारियों में जुटी हुई है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए वर्षभर आयोजित होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक और जनकल्याण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और आम जनता के लिए हर स्तर पर बेहतर और सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
जुलाई से नवंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जुलाई से नवंबर तक पूरे पंजाब में गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बैठक में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, पंजाब हेरिटेज एंड टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली तथा विशेषज्ञ समिति के कई सदस्य और संत महापुरुष भी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालयों में सेमिनार और विशेष कीर्तन समागम
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों में गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और सामाजिक योगदान पर सेमिनार, कार्यशालाएं और विचार गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे का संदेश देने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष कीर्तन समागम भी आयोजित किए जाएंगे।
also read: पेपर लीक छात्रों के भविष्य पर सुनियोजित हमला, विधानसभा में केंद्र और…
650 एकड़ में विकसित होंगे बागीचे, 65 लाख पौधे लगाए जाएंगे
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में 650 एकड़ भूमि पर गुरु रविदास जी के नाम से बागीचे विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही राज्यभर में 65 लाख पौधे लगाने और 65 लाख स्मृति ध्वज वितरित करने का अभियान भी चलाया जाएगा।
इसके अलावा सभी जिला मुख्यालयों में ‘समानता के लिए दौड़’ मैराथन आयोजित होगी, जबकि पूरे राज्य में सामाजिक एकता और जागरूकता के संदेश के साथ साइकिल रैलियां भी निकाली जाएंगी।
अक्टूबर में निकलेगी चार भव्य शोभा यात्राएं
बैठक में बताया गया कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से श्री खुरालगढ़ साहिब तक चार विशाल शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर तक श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में गुरु रविदास जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी, कथा एवं कीर्तन दरबार, संत सम्मेलन, गुरु रविदास जी की वाणी पर विशेष सम्मेलन, बेगमपुरा समागम और मीनार-ए-बेगमपुरा में आधुनिक 3डी प्रोजेक्शन शो आकर्षण का केंद्र होंगे।
श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास, स्वच्छता, पेयजल, परिवहन, सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, चिकित्सा सेवाओं और अन्य आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था समय रहते पूरी की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

