पंचकूला। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने पंचकूला के सेक्टर-4 तथा रामगढ़ स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े प्रबंधों का जायजा लिया।
राज्यपाल ने स्कूलों में शौचालयों की स्थिति और कक्षाओं के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देते हुए दोनों विद्यालयों के लिए 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर विद्यालय वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा, “बच्चों का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि वही देश और प्रदेश का भविष्य हैं।” उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनकी शिक्षा और व्यक्तित्व विकास को बेहतर दिशा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण और अधिकारी भी उपस्थित रहे।

