राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी से बुधवार को हरियाणा विधान सभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण (भवन एवं सडके) समिति ने की शिष्टाचार भेंट की।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने हरियाणा विधान सभा के उपाध्यक्ष एवं समिति के सभापति डॉ. कृष्ण लाल मिढ्ढा का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें राजस्थान विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति स्मृति-स्वरूप भेंट की। श्री देवनानी और श्री मिढ्ढा सहित समिति के सदस्यों की विधान सभा की कार्यवाही, स्थगन, विशेष उल्लेख प्रस्ताव, प्रश्नकाल के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा हुई।
हरियाणा विधान सभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण (भवन एवं सडके) समिति ने राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन तथा राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन किया। समिति ने विधानसभा भवन की आधुनिक व्यवस्थाओं, सदन की कार्यप्रणाली तथा आख्यान संग्रहालय में संजोई गई राजस्थान की लोकतांत्रिक एवं संसदीय विरासत का अवलोकन किया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विधानमंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
इस मौके पर हरियाणा विधान सभा समिति के सदस्य श्री नरेश सेलवाल, श्री कपूर सिंह, श्री सतीश कुमार फगाना और श्री मोहम्मद इसराइल मौजूद थे।

